Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi

चाणक्य नीति : दसवां अध्याय | Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi
Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi में आचार्य चाणक्य ने जीवन में विद्या, धन, बुद्धिमत्ता और अच्छे आचरण के महत्व को समझाया है। चाणक्य नीति के अनुसार, मनुष्य की वास्तविक संपत्ति उसका धन नहीं, बल्कि उसका ज्ञान और विवेक है। जिस व्यक्ति के पास धन नहीं है, लेकिन वह विद्वान और बुद्धिमान है, वह कभी वास्तविक अर्थों में निर्धन नहीं होता। इसके विपरीत, जिस व्यक्ति के पास अपार धन-संपत्ति है, लेकिन ज्ञान का अभाव है, उसका जीवन अधूरा माना जाता है।
चाणक्य नीति अध्याय 10 (Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi) में जीवन को सफल और सार्थक बनाने वाली महत्वपूर्ण शिक्षाएँ मिलती हैं। आचार्य चाणक्य बताते हैं कि मनुष्य को केवल धन अर्जित करने के पीछे नहीं भागना चाहिए, बल्कि ज्ञान, सदाचार और आत्मविकास पर भी ध्यान देना चाहिए। विद्या मनुष्य को सही और गलत के बीच अंतर समझने की शक्ति देती है तथा कठिन परिस्थितियों में उचित निर्णय लेने में सहायता करती है।
यदि आप सम्पूर्ण चाणक्य नीति पढ़ना चाहते है, तो कृपया यहां क्लिक करे ~ सम्पूर्ण चाणक्य नीति
॥ अथ दशमोऽध्यायः ॥
भाग्य अथवा प्रभु की महिमा अपरम्पार है, उसके कारण एक निर्धन भिखारी पल में राजा बन सकता है और राजा को कंगाल होना पड़ता है।
धनहीनो न हीनश्च धनिकः स सुनिश्चयः।
विद्यारत्नेन यो हीनः स हीनः सर्ववस्तुषु ॥
अर्थात:
धन से हीन मनुष्य दीन-हीन नहीं होता, यदि वह विद्या धन से युक्त हो तो, परंतु जिस मनुष्य के पास विद्या रूपी रत्न नहीं है, वह सभी चीजों से हीन माना जाता है। ॥1॥
दृष्टिपूतं न्यसेत् पादं वस्त्रपूतं पिबेज्जलम्।
शास्त्रपूतं वदेत् वाक्यं मनः पूतं समाचरेत् ॥
अर्थात:
भली-प्रकार आंख से देखकर मनुष्य को आगे कदम रखना चाहिए, कपड़े से छानकर जल पीना चाहिए, शास्त्र के अनुसार कोई बात कहनी चाहिए और कोई भी कार्य मन से भली प्रकार सोच-समझकर करना चाहिए। ॥2॥
आचार्य के अनुसार, मनुष्य को सोच-समझकर उचित कार्य करना चाहिए। किसी कार्य को करने से पहले यह भली प्रकार जांच-परख लें कि वह व्यवहार और शास्त्र से विरुद्ध तो नहीं है। सदैव सावधान और सचेत रहकर प्रत्येक कार्य को करने की सलाह यहां दी गई है। जल के प्रति की गई असावधानी अनेक रोगों की उत्पत्ति कर सकती है।
सुखार्थी वा त्यजेद्विद्यां विद्यार्थी वा त्यजेत् सुखम् ।
सुखार्थिनः कुतो विद्या विद्यार्थिनः कुतो सुखम् ॥
अर्थात:
यदि सुख की इच्छा हो तो विद्या अध्ययन का विचार छोड़ देना चाहिए और यदि विद्यार्थी विद्या सीखने की इच्छा रखता है तो उसे सुख और आराम का त्याग कर देना चाहिए, क्योंकि सुख चाहने वाले को विद्या प्राप्त नहीं हो सकती और जो विद्या प्राप्त करना चाहता है, उसे सुख नहीं मिल सकता। ॥3॥
चाणक्य का विश्वास है कि विद्या प्राप्ति के समय विद्यार्थी को सुख-सुविधाओं की आशा नहीं करनी चाहिए। कठोर तप से ही विद्या की प्राप्ति हो सकती है। यदि विद्यार्थी विद्या में पारंगत होना चाहता है तो उसे निरंतर अभ्यास करना पड़ता है, जो सुख से नहीं हो सकता है। क्या कठिनता से मिलने वाली कोई भी वस्तु मूल्यवान नहीं होती? अतः विद्यार्थी को सुख की आशा ही छोड़ देनी चाहिए अन्यथा उसे विद्या प्राप्त नहीं हो सकती। भोग और ज्ञान परस्पर विरोधी हैं।
कवयः किं न पश्यन्ति किं न कुर्वन्ति योषितः ।
मद्यपाः किं न जल्पन्ति किं न भक्षन्ति वायसाः ॥
अर्थात:
कवि अपनी कल्पना से क्या नहीं देख सकते? अर्थात् सभी कुछ देख सकते हैं और स्त्रियां क्या नहीं कर सकतीं? वे सभी प्रकार की मनमानी कर सकती हैं। नशे में चूर व्यक्ति क्या नहीं बोल सकता? अर्थात् कुछ भी बोल सकता है और कौआ क्या नहीं खाता? ॥4॥
आचार्य ने कवि शब्द का प्रयोग यहां ऋषि और कवि दोनों अर्थों में किया है। कहा जाता है- ‘जहां न पहुंचे रवि, वहां पहुंचे कवि।’ और ऋषि उसे कहते हैं, जो मंत्रों का साक्षात्कार करता है- ऋषयो मंत्र द्रष्टारः।
स्त्रियां अपने दुस्साहस के कारण ऐसे कार्य कर सकती हैं जिन्हें करने से पूर्व पुरुष कई बार सोचेगा। नशे में चूर व्यक्ति के जो कुछ भी मन में आता है, बक देता है। उस समय उसे भले-बुरे का ज्ञान नहीं होता। इसी प्रकार कौआ भी अपने स्वभाव के कारण कहीं भी जा बैठता है।
रंकं करोति राजानं राजानं रंकमेव च।
धनिनं निर्धनं चैव निर्धनं धनिनं विधिः ॥
अर्थात:
भाग्य की महिमा अपरम्पार है क्योंकि वह निर्धन अर्थात भिखारी को पल में राजा बना सकता है और राजा को कंगाल। इसी तरह भाग्य के ही कारण धनवान व्यक्ति निर्धन बन जाता है और निर्धन धनवान। ॥5॥
लुब्धानां याचकः शत्रुर्मूर्खाणां बोधकः रिपुः ।
जारस्त्रीणां पतिः शत्रुश्चोराणां चन्द्रमा रिपुः ॥
अर्थात:
मांगने वाला लोभी मनुष्य का शत्रु होता है। मूखों का शत्रु उन्हें सदुपदेश देने वाला
होता है। व्यभिचारिणी स्त्रियों का शत्रु पति होता है और चोरों का शत्रु है चंद्रमा। ॥6॥
लोभी अथवा लालची व्यक्ति उसको अपना शत्रु मानता है, जो उससे किसी चीज को लेने की आशा रखता है अथवा कुछ मांगता है, मूखों को सदुपदेश देने वाला अथवा उन्हें सन्मार्ग पर चलाने वाला उनका सबसे बड़ा शत्रु होता है, क्योंकि मूर्ख व्यक्ति की यह विशेषता होती है कि किसी की अच्छी बात को वह नहीं मानता और अपने कार्यों को ही सही ठहराता है। जो स्त्री व्यभिचारिणी है, पति उसे इस काम से रोकने का प्रयत्न करता है, इसलिए उसे वह अपना शत्रु मानती है। चोर उचक्के लोग रात्रि के समय अंधकार में अपना कार्य करते हैं, चांदनी रात में उनके लिए चोरी करना असंभव होता है, इसलिए चंद्रमा उनका सबसे बड़ा शत्रु होता है। इस प्रकार जो किसी के कार्य में रुकावट डालता है, वही उसका शत्रु है।
येषां न विद्या न तपो दानं न ज्ञानं न शीलं न गुणो न धर्मः।
ते मर्त्यलोके भुवि भारभूता मनुष्यरूपेण मृगाश्चरन्ति॥
अर्थात:
जिन मनुष्यों के पास न विद्या है न ही जिन्होंने किसी प्रकार का तप किया है, जिनमें न दान देने की प्रवृत्ति है, न ज्ञान है, दया और नम्रता आदि भी नहीं है, गुण और धर्माचरण की भावना नहीं है, ऐसे मनुष्य पशु के रूप में इस संसार में विचरते हैं। ॥7॥
धर्म ही मनुष्य को मनुष्य बनाता है।
अन्तः सारविहीनानामुपदेशो न जायते।
मलयाचलसंसर्गात् न वेणुश्चन्दनायते ॥
अर्थात:
जिन व्यक्तियों में किसी प्रकार की भीतरी योग्यता नहीं अर्थात जो अंदर से खोखले हैं, बुद्धिहीन हैं, ऐसे व्यक्तियों को किसी भी प्रकार का उपदेश देना उसी प्रकार व्यर्थ होता है जिस प्रकार मलयाचल पर्वत से आने वाले सुगंधित हवा के झोंकों का बांस से स्पर्श। ॥8॥
जिस व्यक्ति में किसी प्रकार की भीतरी योग्यता नहीं और जिसका हृदय भी साफ नहीं, उसमें बुरे विचार भरे हैं, उसे किसी भी प्रकार का उपदेश देना व्यर्थ है। उस पर उपदेश का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ऐसा होना उसी प्रकार व्यर्थ है जैसे चंदन वन से आने वाली सुगंधित वायु के स्पर्श से बांस में न तो सुगंध ही आती है और न ही वह चंदन बन पाता है।
यस्य नास्ति स्वयं प्रज्ञा शास्त्रं तस्य करोति किम् ।
लोचनाभ्यां विहीनस्य दर्पणः किं करिष्यति ॥
अर्थात:
जिस व्यक्ति के पास अपनी बुद्धि नहीं, शास्त्र उसका क्या कर सकेगा, आंखों से रहित को दर्पण का कोई लाभ नहीं हो सकता है। ॥9॥
आचार्य का यह कथन संकेत करता है कि केवल बाहरी साधनों से कोई ज्ञानवान
नहीं हो सकता। मनुष्य के भीतर निहित संस्कारों को ही बाहरी साधनों से उभारा और निखारा जा सकता है।
खेत में बीज ही न हो तो खाद आदि देने से फसल नहीं उगती। कभी-कभी तो उलटा ही होता है। इच्छित फसल को पाने के लिए किए गए उर्वरकों के प्रयोग से ऐसी हानिकर फसल लहलहाने लगती है, जिसकी किसी ने कभी कल्पना ही नहीं की होती।
दुर्जनं सज्जनं कर्तुमुपायो न हि भूतले।
अपानं शतधा धौतं न श्रेष्ठमिन्द्रियं भवेत् ॥
अर्थात:
इस संसार में ऐसा कोई उपाय नहीं, जिससे दुर्जन व्यक्ति को सज्जन बनाया जा सके, बिलकुल उसी तरह जिस प्रकार गुदा को चाहे सैकड़ों प्रकार से और सैकड़ों बार धोया जाए फिर भी वह श्रेष्ठ अंग नहीं बन सकती। ॥10॥
आत्मद्वेषात् भवेन्मृत्युः परद्वेषात् धनक्षयः।
राजद्वेषात् भवेन्नाशो ब्रह्मद्वेषात् कुलक्षयः ॥
अर्थात:
जो मनुष्य अपनी ही आत्मा से द्वेष रखता है वह स्वयं को नष्ट कर लेता है। दूसरों से द्वेष रखने से अपना धन नष्ट होता है। राजा से वैर-भाव रखने से मनुष्य अपना नाश करता है और ब्राह्मणों से द्वेष रखने से कुल का नाश हो जाता है। ॥11॥
‘आत्मद्वेषात्’ की जगह कहीं ‘आप्तद्वेषात्’ शब्द का भी प्रयोग किया गया है। इसे पाठभेद कहते हैं। ‘आप्त’ का अर्थ है विद्वान, ऋषि, मुनि और सिद्ध पुरुष- ‘आप्तस्तु यथार्थवक्ता।’ जो सत्य बोले, वह आप्त है। जो आत्मा के नजदीक है, वही आप्त है।
इस दृष्टि से इस श्लोक के दोनों रूप सही हैं। जो बिना किसी लाग-लपेट के निष्पक्ष भाव से बोले वह आप्त है। आत्मा की आवाज और आप्तवाक्य एक ही बात तो है। क्योंकि शास्त्रों में कहा गया है कि मनुष्य अपना ही सबसे बड़ा मित्र है और शत्रु भी। इसी प्रकार आप्त अर्थात विद्वानों और सिद्ध पुरुषों से द्वेष रखने वाला व्यक्ति भी नष्ट हो जाता है।
द्रुमालयं वरं वनं व्याघ्रगजेन्द्रसेवितं पत्रफलाम्बुभोजनम्।
तृणेषु शय्या शतजीर्णवल्कलं न बंधुमध्ये धनहीनजीवनम् ॥
अर्थात:
भले ही मनुष्य सिंह और बाघ आदि हिंसक जानवरों से युक्त वन में निवास करे, किसी पेड़ पर अपना घर बना ले, वृक्षों के पत्ते और फल खाकर तथा पानी पीकर गुजारा कर ले, तिनकों की शय्या पर सो ले, फटे-पुराने वृक्षों की छाल के कपड़े पहन ले, परंतु अपने भाई-बंधुओं में धन से रहित अर्थात दरिद्र बनकर जीवन न बिताए। ॥12॥
इस श्लोक से यह बात भली प्रकार स्पष्ट होती है कि निर्धनता एक प्रकार का
अभिशाप है। चाणक्य का मानना है कि व्यक्ति अन्य सभी प्रकार के कष्ट सहन कर सकता है परंतु निर्धनता के कारण अपने सगे-संबंधियों द्वारा किए जाने वाले अपमान को सहन नहीं कर सकता। निर्धन को कौन अपना मानता है?
विप्रो वृक्षस्तस्य मूलं च संध्या वेदाः शाखा धर्मकर्माणि पत्रम्।
तस्मान्मूलं यत्नतो रक्षणीयं छिन्ने मूले नैव शाखा न पत्रम् ॥
अर्थात:
ब्राह्मण एक वृक्ष के समान है और संध्या अर्थात प्रभु की उपासना और आराधना उसकी जड़ है, वेद उसकी शाखाएं हैं और धर्म-कर्म उसके पत्ते हैं, इसलिए यत्नपूर्वक जड़ की रक्षा करनी चाहिए क्योंकि जड़ के नष्ट हो जाने पर न शाखाएं रहेंगी, न ही पत्ते। ॥13॥(Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi)
ब्राह्मण एक वृक्ष के समान है। प्रातः और सायं दो कालों के बीच में जो समय पड़ता है उसे संधिवेला कहते हैं, उस समय ब्राह्मण प्रभु की पूजा व उपासना करता है। यह उसका आवश्यक कर्म है। यह ब्राह्मण रूपी वृक्ष के फलने-फूलने की जड़ें हैं अथवा आधार हैं। वेद का ज्ञान उस वृक्ष की शाखाएं हैं। उसके धर्मानुकूल अच्छे कार्य, उसके पत्ते के समान हैं। इसलिए यत्नपूर्वक उस वृक्ष के मूल की रक्षा करनी चाहिए। मूल की रक्षा से ही वृक्ष फलता-फूलता है। यदि जड़ ही नष्ट हो जाएगी तो वृक्ष कैसे बचेगा? आचार्य यहां कहते हैं कि प्रत्येक ब्राह्मण को संध्या करनी ही चाहिए। इसी से वह ब्रह्म बल को प्राप्त करता है।
यहां एक क्लिक में पढ़े ~ चाणक्य नीति : प्रथम अध्याय
माता च कमलादेवी पिता देवो जनार्दनः ।
बान्धवाः विष्णुभक्ताश्च स्वदेशो भुवनत्रयम्॥
अर्थात:
कमला देवी अर्थात लक्ष्मी जिसकी माता हैं और सर्वव्यापक श्री विष्णु जिसके पिता हैं, प्रभु के भक्त जिसके भाई-बंधु हैं ऐसे पुरुष के लिए तीनों लोक अपने ही देश के समान हैं। ॥14॥
एकवृक्षसमारूढा नाना वर्णा विहंगमाः।
प्रभाते दशसु दिक्षु तत्र का परिवेदना ॥
अर्थात:
रात्रि के समय अनेक रंग-रूप वाले पक्षी एक वृक्ष पर आकर बैठते हैं। प्रातःकाल के समय वे सभी दसों दिशाओं में उड़ जाते हैं। ऐसे में क्या शोक करना। ॥15॥
इस संसार रूपी परिवार में अनेक बंधु-बांधव और रिश्तेदार उसी तरह आकर मिलते हैं जिस प्रकार सायंकाल होते ही अनेक तरह के पक्षी बसेरा लेने के लिए एक पेड़ पर आ बैठते हैं और समय आने पर अर्थात सूर्य उदय होने पर वे विभिन्न दिशाओं में चल देते हैं। इसी प्रकार एक परिवार में इकट्ठे हुए बन्धु-बान्धव भी समय आने पर बिछुड़ जाते हैं, इसलिए उनके संबंध में किसी प्रकार का शोक करना उचित नहीं है।
बुद्धिर्यस्य बलं तस्य निर्बुद्धेस्तु कुतो बलम्।
वने सिंहो मदोन्मत्तः शशकेन निपातितः ॥
अर्थात:
जिसके पास बुद्धि अर्थात ज्ञान है, उसके पास ही बल होता है, बुद्धिहीन व्यक्ति के पास बल कहां। जंगल में अपनी शक्ति के मद में मस्त सिंह को एक खरगोश ने मार डाला (यह इसी का प्रमाण है)। ॥16॥
पंचतंत्र में भी इस कथा का उल्लेख है, जिसमें छोटे से खरगोश ने अपनी बुद्धि के बल से बलवान सिंह को भी मरने को विवश कर दिया। बुद्धिमान व्यक्ति अपने बल का तो सही उपयोग करता ही है, वह दूसरे के बल को भी अपने अनुसार प्रयोग करने में सफल हो जाता है।
का चिन्ता मम जीवने यदि हरिर्विश्वम्भरो गीयते
नो चेदर्भकजीवनाय जननीस्तन्यं कथं निर्मयेत् ।
इत्यालोच्य मुहुर्मुहुर्यदुपते लक्ष्मीपते केवलं
त्वत्पादाम्बुजसेवनेन सततं कालो मया नीयते ॥
अर्थात:
यदि भगवान विष्णु को सारे संसार का पालन-पोषण करने वाला कहा गया है तो मुझे इस जीवन में किसी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं। यदि भगवान विष्णु न होते तो गर्भ में स्थित बालक के जीवन के लिए माता के स्तनों में दूध कहां से आता? बार-बार इस तरह का विचार करके हे तीनों लोकों के स्वामी! मैं आपके चरण कमलों की सेवा करते हुए अपना जीवन व्यतीत कर रहा हूं। ॥17॥
भाव यह है कि सृष्टिकर्ता परमेश्वर ही सबका भरण-पोषण करता है, ऐसी स्थिति में मनुष्यों को किसी बात की चिंता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि जो बालक गर्भ में है उसके पालन-पोषण के लिए माता के स्तनों में दूध पहले ही उत्पन्न हो जाता है। यदि ऐसा है, तो चिंता किस बात की। हां, परमेश्वर का स्मरण करते हुए उसके प्रति अपनी कृतज्ञता का भाव अवश्य प्रकट करना चाहिए।
गीर्वाणवाणीषु विशिष्टबुद्धिस्तथापि भाषान्तरलोलुपोऽहम्।
यथा सुराणाममृते स्थितेऽपि स्वर्गागनानामधरासवे रुचिः ॥
अर्थात:
संस्कृत के अतिरिक्त मैं दूसरी भाषाओं का भी लोभी हूं, जैसे स्वर्ग में विद्यमान देवताओं को अमृत की प्राप्ति के बाद भी स्वर्ग की अप्सराओं के होंठों के रस का पान करने में रुचि रहती है। ॥ 18॥
चाणक्य ने इस श्लोक में संस्कृत भाषा का विशेष आदर करते हुए यह संकेत दिया है कि अन्य भाषाओं को भी सीखना चाहिए। उनका मानना है कि यद्यपि संस्कृत में समस्त रसों का स्वाद है, लेकिन अन्य भाषाओं का स्वाद भी विद्वान को चखना चाहिए, क्योंकि उनका भी अपना एक स्वाद है। उसमें तत्संबंधी संस्कृति और चिंतन की झलक और खुशबू मिलती है।(Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi)
अन्नाद्दशगुणं पिष्टं पिष्टादशगुणं पयः।
पयसोऽष्टगुणं मांसं मांसाद्दशगुणं घृतम् ॥
अर्थात:
अन्न से दस गुणा अधिक शक्ति उसके आटे में है। आटे से दस गुणा अधिक शक्ति दूध में है, दूध से आठ गुणा अधिक शक्ति मांस में है और मांस से दस गुणा अधिक शक्ति घी में है। ॥19॥
शाकेन रोगा वर्धन्ते पयसा वर्धते तनुः।
घृतेन वर्धते वीर्य मांसान्मांसं प्रवर्धते ॥
अर्थात:
साग खाने से रोग बढ़ते हैं, दूध से शरीर मोटा होता है, घी से वीर्य की वृद्धि होती है और मांस से मांस बढ़ता है। ॥20॥
साग से रोग बढ़ना संकेत करता है कि अधिकांश लोग उसे भली प्रकार धोकर प्रयोग में नहीं लाते। इसलिए निरंतर उनका सेवन करने से रोगों की वृद्धि होती है। दूध से शरीर बढ़ता है। बालकों और किशोरों को दूध का सेवन करना चाहिए। घी का अधिक सेवन करने से वीर्य की वृद्धि होती है-कम मात्रा से ज्यादा ऊर्जा। मांस खाने से शरीर का मांस बढ़ता है। मोटापे से पीड़ित व्यक्ति को इसके सेवन से बचना चाहिए। इस प्रकार चाणक्य के अनुसार घी इन सब वस्तुओं में श्रेष्ठ माना गया है, जिससे बल और वीर्य दोनों की वृद्धि होती है।
(Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi) अध्याय का सार:
चाणक्य ने विद्या रूपी धन को सब धनों में श्रेष्ठ माना है। उनका कहना है कि जिस मनुष्य के पास विद्या रूपी धन नहीं, वह सब कुछ होते हुए भी ‘हीन’ है। ‘पहले सोचें, फिर करें’, चाणक्य ऐसा करने की सलाह देते हैं। करने के बाद सोचने का तो कोई अर्थ ही नहीं है। विद्यार्थी के कर्तव्य की ओर ध्यान दिलाते हुए आचार्य फिर कहते हैं कि जो विद्यार्थी विद्या प्राप्त करना चाहता है, उसे सुख की अभिलाषा छोड़ देनी चाहिए।
चाणक्य का मानना है कि व्यक्ति पुरुषार्थ के बावजूद भाग्य से ही निर्धन से धनी होता है। इस प्रकार जीवन में भाग्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। नियति की गति को समझना ही बुद्धिमत्ता है।(Chanakya Niti Chapter 10 In Hindi)
चाणक्य यहां फिर कहते हैं कि मनुष्य को विद्या रूपी धन प्राप्त करना चाहिए, दानशील होना चाहिए, धर्म से युक्त होना चाहिए परंतु जिस मनुष्य में ऐसी कोई भी बात नहीं, वह पृथ्वी पर पशु के समान है और भाररूप है। व्यक्ति को अपनी भीतरी योग्यता का ज्ञान होना चाहिए। जिसमें भीतरी योग्यता नहीं और जो बुद्धिहीन है, वेद आदि शास्त्रों से भी उसका कल्याण नहीं हो सकता। चाणक्य कहते हैं कि दुष्ट व्यक्ति सदा दुष्ट ही रहता है, वह अपना स्वभाव कभी नहीं छोड़ता।
अपने बन्धु-बान्धवों, रिश्तेदारों में मनुष्य को निर्धन होकर अपना जीवन नहीं बिताना चाहिए। उसे चाहिए कि वह अपनी निर्धनता दूर करने का प्रयत्न करे। चाणक्य ने इस संसार के रंग-ढंग का वर्णन करते हुए कहा है कि जिस प्रकार सायंकाल के समय अनेक पक्षी एक वृक्ष पर आकर बसेरा लेते हैं और प्रातःकाल अपनी दिशाओं में उड़ जाते हैं, उसी प्रकार बन्धु-बान्धव भी मनुष्य को संयोग से ही मिलते हैं, इसलिए उनके बिछुड़ने का मनुष्य को शोक नहीं करना चाहिए। यह तो प्रकृति का नियम है। चाणक्य मनुष्य की बुद्धि को ही उसका सबसे बड़ा सहायक मानते हैं। उनका मानना है कि जब परमेश्वर ही संसार का पालन करने वाला है तो जीविका की चिंता क्यों?
यह भी पढ़े
सम्पूर्ण श्रीमद्भगवद्गीता प्रथम अध्याय
शिव पंचाक्षर स्तोत्र हिंदी में अर्थ सहित

Download the Mahakavya App